Wednesday, May 15"खबर जो असर करे"

हम विकास के डबल इंजन, राहुल-प्रियंका कांग्रेस के डबल मनोरंजनः शिवराज

भोपाल (Bhopal)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को भाजपा प्रत्याशियों सुवासरा, मंदसौर, सैलाना, बड़नगर, उज्जैन उत्तर, घट्टिया, उदयपुरा, शमशाबाद, गंजबासोदा, विदिशा और नरेला में विशाल चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार डबल इंजन की सरकार है, डबल इंजन की सरकार में मोदी वहां हैं और मामा यहां हैं, लेकिन कांग्रेस में केवल मनोरंजन है। हम डबल इंजन हैं तो वो दोनों भाई-बहन डबल मनोरंजन हैं। दोनों भाई-बहन मनोरंजन करने ही मध्यप्रदेश आते हैं और लगातार झूठ बोलते हैं। प्रियंका गांधी कहती हैं कि तीन साल में केवल 21 लोगों को रोजगार मिला। कभी वो बता देती हैं कि भगवान राम को 13 साल के लिए वनवास हुआ था.. अब उनको यही पता नहीं है की राम भगवान को वनवास कितने साल हुआ था। राहुल गांधी भी कुछ भी बोलते रहते हैं, ये भाई बहन रोज झूठ बोलते हैं।

कांग्रेस का भूतकाल बंटाढार और वर्तमान जूतम पैजार
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का भूतकाल बंटाढार था, कांग्रेस का वर्तमान जूतम पैजार है और कांग्रेस का भविष्य है, केवल हमारा परिवार। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मैडम सोनिया गांधी और यहां मध्यप्रदेश में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह का सिर्फ एक ही लक्ष्य है “हमारा परिवार” बाकी पार्टी, प्रदेश की जनता और विकास से इनका कोई लेना-देना नहीं है। मिस्टर बंटाढार के जमाने में प्रदेश में न तो बिजली थी, न पानी था और न ही सड़कें थी। जबकि भाजपा सबके लिए है और भाजपा का लक्ष्य सबका साथ सबका विकास है।

कांग्रेस अनाथ हो गई
चौहान ने कहा कि हम मोदी के नेतृत्व में काम कर रहे हैं, सबका साथ सबका विकास ही हमारा लक्ष्य है, लेकिन कांग्रेस में ऊपर भी केवल दो यानी राहुल-प्रियंका का विकास हो रहा है और अपने मध्यप्रदेश में भी दो यानी कमलनाथ-दिग्विजय का विकास हो रहा है, बाकी कांग्रेस पूरी तरह से अनाथ हो गई है। कांग्रेस में दिग्विजय कमलनाथ के दो पाट हैं और इन दोनों पाटों के बीच कार्यकर्ता बारीक पिस रहे हैं। यही वजह है कि, हमारे कुछ साथी कांग्रेस छोड़कर हमारे पास आ गए हैं। यह कांग्रेस पार्टी कभी भी प्रदेश और जनता का भला नहीं कर सकती है।

लाड़ली बहनों के साथ मनाया भाईदूज
मुख्यमंत्री चौहान हर त्यौहार अपनी बहनों के साथ ही मनाते हैं। चुनाव की व्यवस्तताओं के बाद भी वे अपनी बहनों के लिए समय निकाल लेते हैं और उनके बीच पहुंच जाते हैं। धनतेरस पर बहनों के साथ खरीदारी की तो दीपावली पर भी सैंकड़ों लाड़ली बहनों के साथ दीपोत्सव मनाया। उन्होंने भाई दूज का पावन पर्व भी अपनी लाड़ली बहनों के साथ ही मनाया। इस दौरान बहनों ने अपने लाड़ले भैया शिवराज की आरती उतारी, माथा चूंमा और मुंह मीठा करवाया। मुख्यमंत्री ने भी बहनों के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। बहनों के साथ भाईदूज का ये नज़ारा हर सभा से पहले देखने को मिल रहा था। भाई-बहनों के बीच का ये प्यार, दुलार, प्रेम और स्नेह देखते ही बन रहा था।

ये शिव संकल्प हैं
चौहान ने कहा कि कांग्रेसियों को तकलीफ है कि, मैं बहनों के खाते में पैसा डाल रहा हूं लेकिन बहनों के खातों में पैसा डालने से मुझे कोई नहीं रोक सकता। अब 21 साल की अविवाहित बहन भी पात्र होगी और चुनाव के बाद जिनके नाम रह गए हैं उन्हें जोड़ दिया जाएगा। वहीं 60 वर्ष की माताओं की पेंशन बढ़ाकर 1500 रुपये की जाएगी। लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना और उसके आगे का सफर है लखपति बहना, हर बहन को लखपति दीदी बनाना है। सीएम राइज स्कूल बन रहें हैं, ये प्राइवेट स्कूल्स से भी बेहतर है जहां शिक्षा फ्री में होगी। भांजे-भांजियों को लैपटॉप और ई-स्कूटी दी जा रही है। ये शिव संकल्प है कि, मेडिकल और इंजीनिरिंग कॉलेज में पूरी फ़ीस भाजपा सरकार ही भरवाएगी। प्रत्येक परिवार एक रोजगार की व्यवस्था करेंगे। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना बनाई है जिसमें पक्के मकान बनाने के लिए पैसे दिए जाएंगे। रसोई गैस का सिलेंडर 450 रुपये में दिया जाएगा। बढ़े हुए बिजली के बिल भी भरवाए जाएंगे।