Wednesday, May 15"खबर जो असर करे"

मध्यप्रदेश और भारत का भविष्य तय करेगा आपका एक वोटः अमित शाह

भोपाल (Bhopal)। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि आपका एक वोट न केवल यहां भाजपा को जिताएगा, बल्कि आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश और भारत का भविष्य भी तय करेगा। कांग्रेस खेमो और परिवारवाद की पार्टी है। तीन परिवार प्रदेश और देश में शासन करना चाहते हैं। कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ को और दिग्विजय सिंह जयवर्धन सिंह को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, वहीं सोनिया गांधी अपने पुत्र राहुल को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। जब परिवार राजनीति में अपनों को स्थापित करने में लगे हों तो वे जनता का भला कैसे कर सकते हैं।

केन्द्रीय गृह मंत्री शाह मंगलवार को मऊगंज जिले के देवतालाब में भाजपा प्रत्याशी गिरीश गौतम के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश का भला सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार कर सकती है।

कांग्रेस शासनकाल में मध्यप्रदेश का विकास नहीं हुआ
शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में मध्यप्रदेश का विकास नहीं हुआ। मैं कई दिनों से कमलनाथ से पूछ रहा हूं, लेकिन वे जवाब नहीं दे रहे। कांग्रेस के शासन में प्रदेश को कितना ग्रांट मिलता था। कांग्रेस ने 10 साल में सिर्फ दो लाख करोड़ रुपया दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने 6 लाख 33 हजार करोड़ रुपया अभी तक दिया है।

कांग्रेस ने कमलनाथ को एटीएम बनाया
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कमलनाथ को एटीएम बनाकर मध्यप्रदेश की जनता को लूटने का काम किया। सिर्फ घोटाले कांग्रेस के शासनकाल में हुए। भाजपा की सरकार वापस आई तो किसानों को मिलने वाली 6 हजार की सम्मान राशि को 12 हजार रुपये किया जाएगा। प्रदेश में 93 लाख किसानों को इसका फायदा मिल रहा है।

दिग्विजय सिंह ने प्रदेश का बंटाढार किया
उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने प्रदेश का बंटाढार कर दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने प्रदेश की पूरी तस्वीर बदल दी। अब प्रदेश को बीमारू नहीं बेमिसाल प्रदेश के तौर पर जाना जाता है। भाजपा की सरकार आने पर बेमिसाल राज्य से बेस्ट प्रदेश बनाने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।

कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग का हमेशा विरोध किया

शाह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा पिछड़ा वर्ग का विरोध किया। कांग्रेस ने मंडल कमीशन को लागू नहीं होने दिया। राजीव गांधी ने लागू करने का विरोध किया। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक मान्यता देकर इस वर्ग को ऊपर उठाने का काम किया है। नीट की परीक्षा हो या फिर सैनिक स्कूल में भर्ती 27 प्रतिशत आरक्षण किया गया। सबसे ज्यादा मंत्री आज पिछड़ा वर्ग के प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में हैं।

दुनिया में बढ़ रहा देश का सम्मान
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज दुनिया में देश का मान बढ़ा दिया है। तिरंगे को चंद्रयान के माध्यम से चंद्रमा तक पहुंचाया गया। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण की बात हो या फिर अयोध्या में बरसों से लटका हुआ राम मंदिर का मामला सबको प्रधानमंत्री मोदी के शासन में पूरा किया गया। 22 जनवरी 2024 को अब अयोध्या में राम भगवान की प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित की तैयारियां चल रही हैं।

जबलपुर में किया रोड शो
केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने मंगलवार शाम को जबलपुर पश्चिम विधानसभा के प्रत्याशी राकेश सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस विकास का काम कभी नहीं कर सकती। चंबल में डकैत घूमते थे, लेकिन आज कोई डकैत नहीं है। मेडिकल की सीटें सिर्फ प्रदेश में 620 थी। हम 4 हजार तक लेकर गए। पीएफआई पर अंकुश और तीन तलाक को समाप्त करने का काम प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने किया। जनसभा के बाद अमित शाह ने मध्य विधानसभा से पूर्व विधानसभा तक रोड शो किया। इस दौरान जगह-जगह पर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और लोगों ने उनका स्वागत किया।