Monday, May 6"खबर जो असर करे"

मप्र : युवा कांग्रेस ने 23 निष्क्रिय पदाधिकारियों की छुट्टी की

-तीन प्रदेश सचिव और एक जिलाध्यक्ष और 19 विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों को हटाया

भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। चुनावी साल शुरू होते ही कांग्रेस पार्टी संगठन की सर्जरी में जुट गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देश के बाद पदों पर सालों से काबिज पदाधिकारियों की छुट़्टी कर सक्रिय कार्यकर्ताओं को काम दिए जा रहे हैं। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने मंगलवार को सालों से पदों पर काबिज 23 पदाधिकारियों की छुट्टी कर दी है।

उन्होंने युवा कांग्रेस के तीन प्रदेश सचिव, एक जिला अध्यक्ष और 19 विधानसभाओं के अध्यक्षों को पदमुक्त कर बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इसके साथ ही युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने पदाधिकारियों को चेतावनी दी है कि जो संगठन के अनुरूप मापदण्डों पर खरे नहीं उतरेंगे, उन पर भी भविष्य में ऐसी ही कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सम्पूर्ण प्रदेश में युवा कांग्रेस का प्रत्येक विधानसभा में “यूव जोड़ो खूब जोड़ो “अभियान गतिशील है, जिसके तहत मध्यप्रदेश की विधानसभाओं में प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं का गठन प्रमुखता से किया जा रहा है। पिछले दिनों संगठन पदाधिकारियों की गतिविधियों की समीक्षा की गई थी। इसमें तीन प्रदेश सचिव, एक जिला अध्यक्ष (बैतूल) और 19 विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों को निष्क्रिय पाया गया। ये पदाधिकारी बूथ जोड़ो-यूथ जोड़ो अभियान से लेकर अन्य गतिविधियों में रुचि नहीं दिखा रहे थे। इस आधार पर इन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है।

युवा कांग्रेस ने इन्हें हटाया
जिन पदाधिकारियों को पदमुक्त किया गया है, उनमें हिफ्लुर्रहमान खान, अजय राय, चन्द्रकांत शर्मा – तीनों प्रदेश सचिव और बैतूल जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष गौरव खातरकर शामिल हैं। इनके अलावा विधानसभा अध्यक्षों में प्रवीण कुमार जैन अटेर, संदीप तिवारी चैहर, जितेन्द्र महुले-परसवाड़ा, दीपक प्रजापति- चण्ड़ा, अनिकेश संघिया रहली, अफजल खान- दमोह, अंकुर जैन-जबेरा, राहुल पटेल-हटा, महेन्द्र नायक महाराजपुर, दिनेश चौरसिया – विजावर, अरविन्द रावत- मलेहरा, जुगलकिशोर वर्मा जतारा, राजपालसिंह पवई, नसीम कुरैशी केवलारी, राकेश डामोर पेटलावद, अजयकुमार चंदेल सिंगरौली, सुनील कुमार जायसवाल- चितरंगी, आदर्श चतुर्वेदी- सिहावल, नारायण सिंह चौहान सीधी को हटाया गया है।

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने ने बताया कि जिन लोगों को दायित्व मुक्त किया गया है उनके स्थान पर जल्दी ऐसे ऊर्जावान, स्थानीय जनाधार वाले युवाओं को अवसर दिया जाएगा, जो आगामी विधानसभा से पहले युवा कांग्रेस को बूथ स्तर तक और भी ज्यादा मजबूत कर सकें। उन्होंने ऐसे पदाधिकारियों को पदमुक्त किया है, जिन्होंने पिछले दो वर्षों से संगठनात्मक कार्यों के क्रियान्वयन की अनदेखी की एवं सरकार की नीतियों का ताकत से विरोध नहीं किया है।

भूरिया ने बताया कि 20 जनवरी को मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश मुख्यालय भोपाल में आहुत की गई है, जिसमें युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरु भी शामिल होंगे और यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो एवं संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगे। (एजेंसी, हि.स.)