Thursday, May 16"खबर जो असर करे"

नये भारत के विकास की नई इबारत

– डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दूरदर्शी नीतियों, समर्पण और टीम भावना के साथ देश के लोकतंत्र को एक नई दिशा दी है। भारत आत्मनिर्भर, स्वावलंबी, और विकसित बनने की दिशा में अग्रसर है। मोदी सरकार का प्रत्येक निर्णय लोक कल्याण और राष्ट्रीय हित के अनुरूप है। दशकों से लंबित फैसलों को लागू किया। लंबित परियोजनाओं को पूरा किया गया। कोरोना के बाद अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाना दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी। मगर भारत की अर्थव्यवस्था अब भी विकास की राह पर है। बीस लाख करोड़ रुपये के आत्मनिर्भर भारत पैकेज के सहारे भारत की विकास यात्रा को नई गति मिली है। देश आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ा है।

इस विकास यात्रा की झलक देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने काशी दीनदयाल हस्तकला संकुल ट्रेड सेंटर में इक्यावनवें राष्ट्रीय कंपनी सचिव सम्मेलन के संबोधन में दिखी। उन्होंने विकास की दिशा में बढ़ रहे भारत के अनेक तथ्यों का उल्लेख किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि नरेन्द्र मोदी ने काशी का कायाकल्प कर दिया है। उनके इस कथन को नौ वर्ष में हुए काशी के विकास से महसूस किया जा सकता है। श्री काशी विश्वनाथधाम का भव्य निर्माण तो ऐतिहासिक है। अयोध्या में भव्य श्रीराम मन्दिर का निर्माण चल रहा है। दुनिया बाईस जनवरी की प्रतीक्षा कर रही है, जब उसका भव्य उद्घाटन होगा।

उपराष्ट्रपति ने जम्मू-कश्मीर में हुए संवैधानिक सुधारों और इसके लिए हुए संविधान संशोधन का भी उल्लेख किया। साथ ही अर्थव्यवस्था में प्रगति की चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस दशक के अंत तक भारत, जर्मनी और जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की तीसरी सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में उभरेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए कहा था कि सरकारी योजनाओं के एक रुपये में से केवल पन्द्रह पैसा ही गरीबों तक पहुंचता है। लेकिन वे बस कहकर ही रह गए, समाधान की दिशा में कुछ नहीं किया। समाधान मोदी ने किया है। आज सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ सीधे लोगों के खातों में पहुंच रहा है।

इस तरह के अनेक बदलावों की कहानी मोदी सरकार के नौ सालों के कार्यकाल में लिखी गई है। विकास की कहानियां तो और भी हैं। भारत का डिजिटली लेनदेन ऐतिहासिक है। उसने दुनिया को नई दिशा दिखाई है। रिकॉर्ड सैटेलाइट्स का प्रक्षेपण अंतरिक्ष में बढ़ती शक्ति का शानदार उदाहरण है। शांति और सौहार्द का संदेश दुनिया को मुरीद बना रहा है। भारत ने दुनिया की सबसे ज्यादा सुधारात्मक कर प्रणाली जीएसटी लागू की है। उसका अभूतपूर्व फायदा आज देश देख रहा है। प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के कारण यह अमृतकाल अब गौरव काल बन चुका है। भारत के लिए दुनिया में सबसे ज्यादा सम्मान इन्हीं नौ साल में देखा गया है।

इस मौके पर राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने उत्तर प्रदेश सरकार की विकास यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश 714 सरकारी सेवाएं ऑनलाइन प्रदान कर रहा है। नेशनल ई-गवर्नेंस सर्विस डिलीवरी असेसमेंट इंडेक्स के अनुसार उत्तर प्रदेश 85 प्रतिशत से अधिक के अनुपालन के साथ बड़े राज्यों के बीच पोर्टल और सेवा पोर्टल के मूल्यांकन में दूसरे स्थान पर है। ‘निवेश मित्र’ नामक एकीकृत पोर्टल पर उत्तर प्रदेश की एक अनुकरणीय पहल को भी शामिल किया गया है । 96 लाख से अधिक एमएसएमई वाले सभी राज्यों में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है।

उत्तर प्रदेश ने वाणिज्य और उद्योग में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। सामाजिक कल्याण तथा विकास और न्यायपालिका एवं सार्वजनिक सुरक्षा में भी वृद्धि हुई है। उत्तर प्रदेश में विकास के लिए और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जो काम हुआ है, वह पूरा देश देख रहा है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, बैंक सखी और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रदेश की महिलाएं सशक्त और समृद्ध हो रही हैं। प्रदेश में प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना में लाभार्थियों को कार्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कृषि, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी,स्टार्टअप, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, रक्षा उत्पादन आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हो रही है।

(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)