Monday, May 20"खबर जो असर करे"

कांग्रेस फैला रही जातिवाद का जहर, विकास सिर्फ कमल का फूल ही करेगाः सिंधिया

भोपाल (Bhopal)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योदिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को मान्धाता, बदनावर, सोनकच्छ, भोजपुर और भोपाल उत्तर विधानसभा में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को सबोधित कर जनता से भाजपा को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जातिगत जनगणना के नाम पर जातिवाद का जहर फ़ैलाने की कोशिश कर रही है लेकिन जनता इनके मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी। हमें जातिवाद के विष में नहीं फंसना है क्योकि आपका विकास सिर्फ कमल का फूल ही करेगा। हमें 17 नवंबर को सनातन का विरोध करने वाली इस कांग्रेस का बोरिया बिस्तर बाँध कर मध्यप्रदेश से निकाल फेंकना है।

निमाड़ क्षेत्र के साथ सिंधिया परिवार का एक आध्यात्मिक रिश्ता
सिंधिया ने मांधाता में ओंकारेश्वर धाम को प्रणाम करते हुए कहा कि इस क्षेत्र से मेरा और सिंधिया परिवार का एक आध्यात्मिक रिश्ता है, शायद यहाँ मौजूद बहुत लोगों को पता न हो पर आज भी सिंधिया परिवार के द्वारा ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा कराई जाती है। पुजारियों द्वारा तीन बार पूजा की जाती है, जिसमें आज भी मध्यान्ह में की जाने वाली पूजा सिंधिया राज्य पुजारी द्वारा की जाती है। भाजपा की सरकार ने इस क्षेत्र में समग्र विकास किया है। विकास का यह क्रम निरंतर जारी रहे इसके लिए नारायण पटेल को भारी मतों से विजयी बनाइये।

आध्यात्मिक और आर्थिक शक्ति का संगम भाजपा सरकार में ही संभव
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आदि शंकराचार्य की ज्ञान भूमि ओंकारेश्वर में 2100 करोड़ लागत से उनकी 108 फीट ऊंची भव्य और दिव्य ’एकात्मता की मूर्ति’ का अनावरण एवं “अद्वैत लोक“ का शिलान्यास किया है, जो भारत की बढ़ती आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है। यही नहीं भाजपा सरकार ने उज्जैन में महाकाल लोक का निर्माण किया है और जल्दी ही 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। एक तरफ जहाँ हम विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं, जो देश के हाथ और पैर हैं। दूसरी ओर मोदी जी के नेतृत्व में हमारी बढ़ती हुई आध्यात्मिक शक्ति है जो भारत का दिल है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक आर्थिक शक्ति के साथ- साथ आध्यात्मिक शक्ति भी बन गया है।

जातिवाद के विष में मत फंसो, आपका विकास सिर्फ कमल का फूल ही करेगा
सिंधिया ने कहा कि जातिवाद के विष में मत फंसो, आपका विकास और प्रगति सिर्फ कमल का फूल ही कर सकता है। कांग्रेस जातिगत जनगणना के नाम पर जातिवाद का जहर फ़ैलाने की कोशिश कर रही है लेकिन जनता इनके मंसूबों को भलीभांति जान चुकी है इसलिए इनके बहकावे में नहीं आने वाली। किसानों को सम्मान निधि का फायदा मिल रहा है,बहनों को लाड़ली बहना योजना का लाभ मिल रहा है। समाज के हर वर्ग की चिंता भाजपा की सरकार ने की है।

कांग्रेस ने गरीबी हटाने के नाम पर आदिवासी समाज का मात्र शोषण किया
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि बदनावर के लिए दत्तीगांव ने हमेशा अच्छा सोचा है। साफ नीयत व ईमानदारी से क्षेत्र की जनता की सेवा की। बदनावर की जनता का व सिंधिया परिवार का वर्षो पुराना रिश्ता है। उस रिश्ते को हम युवा पीढ़ी निभाते आ रहे हैं। कांग्रेस ने आदिवासी समाज को हमेशा मात्र वोट बैंक ही समझा। इनके विकास व प्रगति के लिए कभी गंभीरता से काम नहीं किए। भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री चौहान ने आदिवासी समाज को हमेशा सम्मान के साथ आगे बढाने का काम किया। कांग्रेस ने गरीबी हटाने के नाम पर आदिवासी समाज का मात्र शोषण किया है।

कांग्रेस ने किसानों के कर्ज माफी करने के झूठे वादे किए
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों से कर्ज माफी करने के झूठे वादे किए थे, लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता ने कहा था 10 दिन में कर्ज माफ नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री बदल देंगे। लेकिन 15 महीनों में भी किसानों का कर्ज माफ नहीं हो सका और न ही मुख्यमंत्री बदला गया। कांग्रेसी भूल गए कि हम इतिहास दोहराते हैं। जब डी.पी. मिश्रा जी ने मेरी दादी पूर्व राजमाता (विजयाराजे सिंधिया) साहब को ललकारा था तो डी.पी.मिश्रा को धूल चटाने का काम राजमाता साहब ने किया था। ये इतिहास फिर से मैंने दोहराया, कांग्रेस की सरकार को धूल चटाई, शिवराज सिंह की सरकार दोबारा बनी।