Tuesday, May 14"खबर जो असर करे"

राष्ट्रमंडल खेल : भारतीय महिला हॉकी टीम ने घाना को 5-0 से हराया

बर्मिंघम। भारतीय महिला हॉकी टीम (Indian women’s hockey team) ने शुक्रवार को बर्मिंघम (Birmingham) में कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 (Commonwealth Games 2022) में अपने शुरुआती मैच में घाना को 5-0 से हराया।

विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर काबिज भारतीय टीम ने बर्मिंघम हॉकी और स्क्वैश सेंटर विश्वविद्यालय में खेले गए इस मुकाबले के तीसरे मिनट में ही गोल किया और पूरे चार क्वार्टर घाना पर हावी रही। भारत के लिए गुरजीत कौर (3,”39”), नेहा (28”), संगीता कुमारी (36”) और सलीमा टेटे (56”) ने गोल किए।

मैच के बाद भारत की कप्तान सविता पुनिया ने कहा, ”हमारे लिए शुरुआती मैच में जीत दर्ज करना वास्तव में महत्वपूर्ण है, निश्चित रूप से घाना ने अच्छा बचाव किया। हम पहले से ही जानते थे कि वे सर्कल में अधिक खड़े हैं, लेकिन हम और अधिक स्कोर कर सकते थे।”

मैच में भारतीय टीम ने तेज शुरुआत की और मैच के तीसरे मिनट में गुरजीत कौर ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारतीय टीम का खाता खोला।
भारत के लिए 100 से ज्यादा मैच खेल चुकीं अनुभवी खिलाड़ी नेहा ने हाफ टाइम से 2 मिनट पहले 28वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

झारखंड की खिलाड़ी संगीता कुमारी ने मोनिका के साथ मिलकर 36वें मिनट में भारत के लिए तीसरा गोल किया। 3 मिनट बाद ही गुरजीत ने पेनल्टी स्ट्रोक से अपना दूसरा गोल कर भारत की बढ़त 4-0 कर दी।

मैच समाप्ति से 4 मिनट पहले मैच के 56वें मिनट में सलीमा टेटे ने गोल करके भारत की बढ़त 5-0 कर दी और अंत में यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ। भारतीय महिला हॉकी टीम अपने अगले मुकाबले में वेल्स से भिड़ेगी।

भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने बारबाडोस को 3-0 से हराया
भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने शुक्रवार को अपने ग्रुप 3 मैच में बारबाडोस को हराकर राष्ट्रमंडल खेल 2022 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। भारत ने यह मैच 3-0 के अंतर से जीत लिया। भारत के लिए, हरमीत देसाई और साथियान ज्ञानशेखरन की युगल जोड़ी ने केविन फार्ले और टायरेस नाइट की जोड़ी 11-9, 11-9, 11-4 से हराया।

दूसरे मैच में अचंता शरथ कमल ने रेमन मैक्सवेल को तीन गेम में 11-5, 11-3, 11-3 से हराया। अगला मैच साथियान ज्ञानशेखरन ने टायरेस नाइट को 11-4, 11-4, 11-5 से हराया। भारतीय टीम अब अपने अगले मुकाबले में सिंगापुर का सामना करेगी।

पुरुषों के 100 मीटर बैकस्ट्रोक तैराकी के सेमीफाइनल में पहुंचे श्रीहरि नटराज
भारत के श्रीहरि नटराज ने शुक्रवार को बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पुरुषों के 100 मीटर बैकस्ट्रोक तैराकी के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। नटराज हीट 4 में 54.68 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। पुरुषों की 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में साजन प्रकाश 25.01 सेकेंड के समय के साथ आठवें स्थान पर रहे।

पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल हीट में कुशाग्र रावत 3:57.45 के समय के साथ 14वें स्थान पर रहे। इस बीच, ट्रायथलॉन में, भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। भारत के मुरलीधरन 30 वें स्थान पर और विश्वनाथ यादव पुरुषों के व्यक्तिगत स्प्रिंट फाइनल में 33 वें स्थान पर रहे। इंग्लैंड के एलेक्स यी ने शुक्रवार को पुरुषों के ट्रायथलॉन में जीत हासिल करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों का पहला स्वर्ण पदक जीता।

शिव थापा ने पहले दौर में पाकिस्तान के सुलेमान बलूच को 5-0 से हराया
भारतीय मुक्केबाज शिव थापा ने शुक्रवार को राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पुरुषों के 63 किलोग्राम भार वर्ग के पहले दौर में पाकिस्तान के सुलेमान बलूच को 5-0 से हराया। भारत ने बॉक्सिंग में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। भारतीय लाइट वेल्टर बॉक्सर थापा ने मैच के तीनों राउंड में बेहतर किया। थापा ने आक्रमण और बचाव का अच्छा मिश्रण दिखाया और प्रत्येक जज से पूर्ण स्कोर प्राप्त किया। शिव थापा अब इस कैटेगरी के 16वें राउंड में खेलेंगे।

इस मुकाबले की शुरुआत से ही थापा मैच में अपने मौके को लेकर आश्वस्त दिखे। पूरे बाउट के दौरान, थापा अच्छी तरह से आगे बढ़े और अपने प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहींं दिया। पूरे मैच में थापा की तेज चाल और भारी घूंसों का सुलेमान बलूच के पास कोई जवाब नहीं था। (एजेंसी, हि.स.)