Friday, May 3"खबर जो असर करे"

भाजपा के कार्यों से गौरवान्वित हो रहा है लोकतंत्र : डॉ. मोहन यादव

जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व मध्यप्रदेश की डबल इंजन सरकार जनता के कल्याण और विकास के कार्य लगातार कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी के विकास और गरीब कल्याण के कार्यों की संख्या बहुत लंबी है, कार्यकर्ता उन्हें तो आम जनता को बताएं ही, साथ में मध्यप्रदेश में तीन महीने के कार्यकाल में भी करीब 100 बड़े निर्णय लिए गए हैं, जिनकी जानकारी आम जनता को दें। भाजपा के कार्यों से लोकतंत्र गौरवान्वित हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार शाम को जबलपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में आयोजित शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ अध्यक्ष और त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता कहां से कहां तक पहुंच सकता है और कार्य के प्रति कितना समर्पित होता है, इसके सबसे बड़े उदाहरणों में एक हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ही हमारे सामने हैं। नड्डा बूथ और मंडल पर कार्य करने से लेकर आज राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। पार्टी ने कहा तो मंत्री पद छोड़कर संगठन का कार्य करने लगे।

भाजपा में सुचिता ऐसी की पद का परित्याग करते हैं

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता जिन्हें हाल ही में भारत रत्न से सम्मानित किया गया है, लालकृष्ण आडवाणी। एक डायरी में एलके लिखा था। पूरा नाम भी उस डायरी में नहीं था, लेकिन भाजपा में राजनीतिक सुचिता ऐसी कि आडवाणी जी ने सांसद सहित सभी पदों से इस्तीफा दे दिया और जब तक वे बेदाग साबित नहीं हुए किसी पद को स्वीकार नहीं किया। लेकिन कांग्रेस पार्टी और उसके साथ गठबंधन करने वाली पार्टियां जनता के सामने क्या उदाहरण प्रस्तुत करना चाहती हैं। कांगेस और उसके गठबंधन के कई नेता जेल मे हैं, कुछ जमानत पर जेल से बाहर हैं। जो बाहर हैं, उनके खिलाफ भी जांचें चल रही हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तो एक कदम आगे बढ़ गए। भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए पर पद की ऐसी लोलुपता कि जेल जाने के बाद भी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया। बिना इस्तीफा दिए जेल जाना देश की उस जनता का अपमान है, जिन्होंने उन पर विश्वास कर उनकी पार्टी को वोट दिया था। केजरीवाल ने पद से इस्तीफा नहीं देकर जनता के सम्मान का गला घोंटा है।

प्रधानमंत्री ऋषि तुल्य हैं, 142 करोड लोग उनका परिवार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम सबका सौभाग्य है कि नरेन्द्र मोदी जैसे ऋषि तुल्य व्यक्ति के नेतृत्व में कार्य करने का मौका मिला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि न खाऊंगा न खाने दूंगा, इस बात से कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों के नेता तडप रहे हैं। एक बात को तय है कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकात में न तो एक रुपये का भ्रष्टाचार होगा और न ही किसी भ्रष्टाचारी को बख्शा जाएगा। सभी भ्रष्टाचारी जेल जाएंगे। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने से सभी घोटालेबाज परेशान हैं और प्रधानमंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी करते हैं। प्रधानमंत्री ने भी भ्रष्टाचारियों को करारा जवाब दिया है कि देश की 142 करोड़ जनता मेरा परिवार है।

हर बूथ पर 370 नए मतदाता जोड़ने का संकल्प लेकर जाएं कार्यकर्ता: विष्णुदत्त शर्मा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। प्रत्येक बूथ पर कार्य करने वाले कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत हैं और प्रत्येक बूथ पर महिलाओं के साथ जो हितग्राही खड़े हैं, वही हमारी पार्टी की ताकत हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि हमारी पार्टी का प्रत्याशी कमल का फूल है। प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ पर खड़ा है, इसलिए लोकसभा चुनाव में जनता मैदान में उतरी है। नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के लिए देश की जनता लालायित है। हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने के लिए कार्यकर्ता कमर कसकर तैयार हो जाएं।

उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में पार्टी को जो मत मिले हैं, उसमें हर बूथ पर 370 नए मत जोड़ने का, यह प्रधानमंत्री ने मंत्र दिया है। आज यहां उपस्थित आप सभी कार्यकर्ता बंधु अपने-अपने बूथ पर 370 नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़कर लोकसभा चुनाव में सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय का संकल्प लेकर जाएं। पिछले विधानसभा चुनाव में संगठन की शक्ति और बूथ की ताकत को आप और हम सभी कार्यकर्ता देख चुके हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पार्टी को विधानसभा चुनाव में एकतिहासिक बहुमत मिला है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और आज हम सबको मार्गदर्शन देने यहां पधारे हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने दस प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने का भी लक्ष्य रखा है, जिसे भी हम सभी कार्यकर्ताओं को पूरा करना है।

सम्मेलन को प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, पूर्व मंत्री व विधायक अजय विश्नोई, वरिष्ठ नेता डॉ. जितेन्द्र जामदार, विनोद गोटिया, सांसद सुमित्रा वाल्मिकी व कविता पाटीदार, प्रदेश मंत्री नंदनी मरावी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, संतोष बरकडे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोटिया, अंचल सोनकर, शरद जैन, हरेंद्रजीत सिंह बब्बू, नरेंद्र त्रिपाठी, प्रतिभा सिंह, सदानंद गोडबोले, स्वाति गोडबोले, रिंकू विज, अश्विनी परांजपे के साथ बूथ स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित थे।