Sunday, April 28"खबर जो असर करे"

किसी भी धर्म में नफरत का कोई स्थान नहीं है: दिग्विजय सिंह

मुरैना। कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में आज सुबह से तूफानी भ्रमण कर आमसभाओं को सम्बोधित कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित भाजपाईयों पर जमकर हमले किये। कमलनाथ सरकार की सराहना करते हुये कहा कि हमने चुनाव में जो वायदे किये थे उन्हें तेज गति से पूरे कर रहे थे। लेकिन सरकार गिरा दी गई। पूर्व मुख्यमंत्री आज हवाई मार्ग से पोरसा पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं से भेंट करने के बाद आमसभा को सम्बोधित करते हुये कहा कि सभी धर्मों का बराबर सम्मान होना चाहिए। किसी भी धर्म में नफरत का कोई स्थान नहीं है। कांग्रेस राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के मार्ग व सिद्धांत, सत्य अहिंसा व सिद्धांत पर चलती है क्येांकि देश में शांती होगी तभी विकास होगा। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला करते हुये कहां कि वर्ष 2003 में मेरे द्वारा सरकार छोड़ी गई थी तब 23 हजार करोड़ का कर्जा था आज 3 लाख 50 हजार करोड़ का कर्जा हो गया है। यह पैसा कहां गया किसी को नहीं मालूम। आयकर दाताओं द्वारा एकत्रित किया गया इस पैसे का कोई हिसाब नहीं दिया जा रहा। यह पैसा दूसरे माध्यमों से भाजपा की जेब में चला गया। इस सरकार ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। सरकारी पैसे से बड़े-बड़े फोटो छपवाकर भाजपा नेताओं ने अपना प्रचार-प्रसार किया है। यह समय-समय पर झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करते हैं। चुनाव के दौरान लाड़ली बहना योजना को बंद करने का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। यह योजना कर्नाटक सहित अन्य कुछ राज्यों में कांग्रेस द्वारा अन्य नाम से चालू की गई थी। इसे अपनी योजना बनाकर प्रचारित कर रहे हैं। यह योजना 4 माह पूर्व याद आई है। जबकि एक हजार रूपये लाड़ली बहना के नाम पर महिलाओं को दे रहे हैं और बिजली बिल तथा अन्य माध्यमों से उसकी वसूली भी कर रहे हैं। इसी तरह किसान सम्मान निधि योजना पर व्यग करते हुये कहा कि किसानों को 6 हजार रूपये एक साल में देकर डीजल, पेट्रोल, खाद पर राशि बढ़ाकर किसानों से वसूल की जा रही है। आज दिग्विजय सिंह ने पोरसा के रावतपुरा, दिमनी के खडिय़ाहार में आमसभा कर कार्यकर्ताओं व आम जनता से अपने प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की। पोरसा की सभा में भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ली। इस अवसर पर ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर, पूर्व जनपद अध्यक्ष रामू सिंह तोमर अम्बाह, नरेश बाबूजी, मोहन सिंह तोमर, दलवीर सिंह तोमर , श्रीचंद उपाध्याय, शिवाकर सिंंह तोमर जगन्नाथ सिंह तोमर सहित अनेक नेता व कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।