Tuesday, May 14"खबर जो असर करे"

भाजपा के सत्ता से बेदखल होते ही अग्निवीर की व्यवस्था हटाएंगे : अखिलेश यादव

वाराणसी। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम और सपा के निराशाजनक प्रदर्शन के बीच अखिलेश यादव ने आयर बाजार चोलापुर में आयोजित 12 दिवसीय बिरहा दंगल के समापन समारोह में केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

काशी से देश में बदलाव का आह्वान कर अखिलेश यादव ने कहा कि चाहे हम इसको सबसे पुरानी नगरी कहें, चाहे हम इसको अपने धर्म की सबसे प्राचीन जगह कहें, बनारस में हम आपसे अपील करते हैं कि आने वाले समय में जो लोकतंत्र, संविधान को खतरा है, उसको बचाने के लिए समाजवादी आंदोलन की आप लोग मदद कीजिएगा। उन्होंने कहा कि आप भाजपा की सरकार हटाओ, अग्निवीर की व्यवस्था को हम लोग हटाएंगे।यह आधी अधूरी नौकरियां जो 4 साल की दी जा रही हैं, इससे हमारे देश की सीमाओं की सुरक्षा नहीं हो सकती। सीमाओं को सुरक्षा तभी मिलेगी जब अग्निवीर जैसी व्यवस्था खत्म होगी। देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित होगा।

सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा वालों ने भारत माता की जय बोल-बोल करके अग्निवीर व्यवस्था लागू कर दी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि मै एक सुलझा हुआ इंसान हूं। रास्ते में कहीं पेड़ भी दिख जाता है तो मै पेड़ को प्रणाम कर लेता हूं। क्या ये सनातन धर्म में नहीं है। हमसे ज्यादा किसी ने पेड़ लगाए हों तो बता दें।(हि.स.)