Monday, May 20"खबर जो असर करे"

प्रदेश को भ्रष्टाचार की जननी पार्टी से मुक्ति दिलाएं, कमलनाथ ने महाकाल के दरबार में लगाई अर्जी

बोले- कांग्रेस सरकार बनी तो महाकाल लोक में होगी पहली कैबिनेट

भोपाल (Bhopal)। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोमवार को उज्जैन पहुंचे। उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। वे महाकाल की सवारी में भी शामिल हुए। उन्होंने मंदिर परिसर में पालकी और महाकाल के मुखारविंद भगवान चंद्रमौलेश्वर का पूजन किया। उन्होंने महाकाल के दरबार में एक अर्जी भी लगाई है, जिसमें उन्होंने भगवान महाकाल से प्रार्थना की है कि प्रदेश को भ्रष्टाचार की जननी पार्टी से मुक्ति दिलाएं। मध्यप्रदेश में 50 फीसदी कमीशन का अंत शीघ्र हो। उन्होंने महाकाल लोक में भ्रष्टाचार की जांच कराने की भी बात कही है।

कमलनाथ ने भगवान महाकाल को एक पत्र भी भेंट किया। इसमें उन्होंने लिखा कि ‘मैं मध्यप्रदेश की समस्त दुखियारी प्रजा की ओर से आपसे अरज करता हूं कि मेरा मध्य प्रदेश भ्रष्टाचार के दलदल में डूबता जा रहा है। भ्रष्टाचार की जननी पार्टी के 50% के कमीशन राज ने घोटालों में किसी को नहीं छोड़ा है। गर्भवती महिलाओं के पोषण आहार से लेकर प्रभु स्वयं आपके महाकाल लोक के निर्माण तक में भ्रष्टाचार हुआ है। पूरी प्रजा इस कमीशन राज से त्राहि-त्राहि कर रही है। जो इस अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाता है। उस पर झूठे मुकदमे डाल दिए जाते हैं। हर तरह से प्रताड़ित किया जाता है। आप मध्य प्रदेश की प्रजा को इस भ्रष्ट राज से मुक्ति दिलाएं। अपराधियों को दंड दें। समस्त प्रजा का कल्याण करें। पत्र के नीचे उन्होंने लिखा आपका चरण सेवक ..कमलनाथ।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भगवान महाकाल के दर्शन और पूजन करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर कैबिनेट की पहली बैठक महाकाल लोक में होगी। उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि यहां हर चीज में भ्रष्टाचार है। इन्होंने (भाजपा ने) महाकाल को भी नहीं छोड़ा। 50 प्रतिशत कमीशन की सरकार है। पिछले पांच से सात महीने में इन्होंने बड़े ठेके दिए, ताकि कमीशन मिल सके। इनका उद्देश्य है कि आखिरी समय में जितना हो सके, समेट लो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज की घोषणा की झूठ की मशीन डबल स्पीड से चल रही है। 18 साल बाद सरकार को संविदा, बहनें और किसान याद आ रहे हैं। सरकार ने तीन लाख 30 करोड़ का कर्ज लिया, इससे किसको फायदा हुआ।

भाजपा के चुनावी हिंदू बताने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्होंने (भाजपा ने) क्या धर्म की एजेंसी ले रखी है? मैं महाकाल दर्शन करने जांऊ तो उनके पेट में दर्द होता है। मैंने 15 वर्ष पहले हनुमान मंदिर बनवाया था। उन्होंने कहा कि कमलनाथ 2018 के मॉडल नहीं है, हम 2023 के मॉडल है। इनके पास कुछ कहने को नहीं है। मेरे राजनीति जीवन में कोई मुझ पर उंगली नहीं उठा सकता। आखिरी चार महीने में कमलनाथ भ्रष्ट हो गए?