Monday, May 20"खबर जो असर करे"

राहुल गांधी को शिवराज ने बताया राष्ट्रीय शर्म, गहलोत सरकार की गिनाईं नाकामियां

भोपाल (Bhopal)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजस्थान में कांग्रेस की गहलोत सरकार की नाकामियों को गिनाया और कांग्रेस व राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी को राष्ट्रीय शर्म करार दिया।

शिवराज चौहान ने बुधवार को अपनी सभाओं से पहले यहां भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से भी वार्ता की। चौहान ने राजस्थान में वैर, देवली, हिण्डौली में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में तीन चुनाव सभाओं को संबोधित किया।

शिवराज चौहान ने राहुल गांधी को राष्ट्रीय शर्म करार देते हुए मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में राजस्थान विकास करेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बहन, बेटियों के मान, युवाओं के स्वाभिमान और किसानों के सम्मान को संरक्षित करने का काम भाजपा करेगी। डबल इंजन की सरकार राजस्थान को गौरव को स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कांग्रेस और राहुल गांधी को लेकर कहा कि मैं नहीं सोचता था कि राहुल गांधी, प्रधानमंत्री मोदी के विरोध में विद्वेष से इतने भरे हैं कि उन्होंने देश की हार पर प्रसन्नता व्यक्त की। देश की जनता की आंखों में आसूं थे और राहुल गांधी आनंद मना रहे थे कि मोदी गए तो भारत मैच हार गया। ये मति हरने वाला मामला है। ये विद्वेष की पराकाष्ठा है और राहुल गांधी का ये कृत्य मैं मानता हूं कि देश विरोधी भावना की तरह है। इसको देश की जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी पर टिप्पणी करने का मौका ढूंढने वाली बुद्धिहीनता का इससे बड़ा उदाहरण कोई हो नहीं सकता। उन्होंने कहा देश की जनता और राजस्थान की जनता कांग्रेस और राहुल गांधी को जवाब देगी।

करोड़ों भारतीयों के मन में हैं मोदी
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि नरेन्द्र मोदी भारत के लिए भगवान का वरदान हैं। करोड़ों भारतीयों की श्रद्धा और आस्था के केंद्र हैं मोदी। उन्होंने लोगों की ज़िंदगी बदली है, चाहे किसान सम्मान निधि हो, गरीबों को मकान देने का मामला हो या फिर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना हो। प्रधानमंत्री मोदी ने एक वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण किया है, हर भारतीय को गर्व है।

गांधी जी के सपने को पूरा करेंगे राहुल
उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि आज मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा हूं कि महात्मा गांधी ने कभी कहा था कि आजादी के बाद कांगेस को समाप्त कर देना चाहिए और लोकसेवक संघ बना देना चाहिए। नेहरू ने गांधी की बात नहीं मानी, लेकिन अब लगता है कि राहुल बाबा अपने देश विरोध के ऐसे बयानों से कांग्रेस को समाप्त करके ही मानेंगे। वे महात्मा गांधी के उस सपने को पूरा करेंगे। राहुल गांधी का प्रधानमंत्री के प्रति इतनी सस्ती टिप्पणी करना, इसका मतलब ये है कि ऐसे नेतृत्व के रहते कांग्रेस का कुछ बचने वाला नहीं है।

दोनों भाई-बहन हैं झूठ की मशीन
उन्होंने राहुल और प्रियंका गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये दोनों भाई-बहन झूठ की मशीन हैं, लगातार झूठ बोलते हैं। प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश गईं तो कहती हैं भगवान राम 13 साल के लिए वनवास गए थे। मध्यप्रदेश में आकार झूठ बोला कि प्रदेश में केवल 21 लोगों को ही रोजगार मिला है, जबकि 50 हज़ार को नियुक्तिपत्र मैंने अपने हाथ से बांटे हैं। अब राहुल और प्रियंका राजस्थान में झूठ का पुलिंदा परोसने की कोशिश कर रहे हैं। ये दोनों बहन भाई झूठ की मशीन हैं, इनके झांसे में मत आना।