Monday, May 20"खबर जो असर करे"

अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले राहुल गांधी को अपने आप पर ही विश्वास नहीं: शिवराज

-मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी में देश का विश्वास

भोपाल (Bhopal)। लोकसभा (Lok Sabha) में विपक्ष (Opposition) के अविश्वास प्रस्ताव पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले राहुल गांधी को अपने आप पर ही विश्वास नहीं है। कांग्रेस भी जानती है कि इस प्रस्ताव में कोई दम नहीं है। देश का विश्वास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में है। विपक्षी गठबंधन में शामिल दलों में ही विश्वास नहीं है।

मुख्यमंत्री चौहान ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जिस गठबंधन की नींव में ही अविश्वास का मलबा हो, उस पर विश्वास का महल कैसे बनेगा। अरविंद केजरीवाल कांग्रेस को पानी पी-पीकर कोसते थे, वे अब साथ हैं। लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार भी अब साथ-साथ हैं। जो दल कभी राज्यों में हाथ नहीं मिलाते हैं, वे दिल्ली में गले मिलने का ढोंग कर रहे हैं। भ्रष्टाचार और परिवारवाद के दाग जिन पर लगे हुए हैं और लग रहा है, उससे कैसे बचें, इसलिए वह सब एक साथ आ रहे हैं।

18 साल का हिसाब मांगने पर दिया जवाब
मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ द्वारा बार-बार 18 वर्ष का हिसाब मांगने पर कहा कि जो हिसाब मांग रहे हैं, वे सुन लें, 2003 तक मध्य प्रदेश बीमारू राज्य था। प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपये थी, जो आज बढ़कर एक लाख 40 हजार रुपये हो गई है। कमल नाथ जी, अपने सहयोगी दिग्विजय सिंह से पूछो, कांग्रेस सरकार में जनता गड्ढों में सड़क ढूंढती थी या नहीं। प्रदेश में 61 हजार किलोमीटर टूटी-फूटी सड़कें थी। आज ग्रामीण सड़कों को मिला लें, तो पांच लाख 11 हजार किलोमीटर सड़क भाजपा सरकार ने बनाई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जवाब देना होगा कि जब दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री थे, तो बच्चे ढिबरी में पढ़ाई करते थे। आज हमने 29 हजार मेगावाट बिजली बनाकर जनता को दी है। कृषि विकास दर नकारात्मक थी, जो आज 18 प्रतिशत से अधिक है। कांग्रेस, राजा, नवाब सबके समय में सिंचाई केवल साढ़े सात लाख हेक्टेयर में थी। आज 47 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित है और इसे 65 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य जल्द पूरा करेंगे।

मैं गरीबों की परेशानी कम करता हूं तो कमलनाथ की बढ़ जाती है
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मैं गरीबों की परेशानी कम करता हूं तो कमल नाथ की बढ़ जाती है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के समय पांच मेडिकल कालेज होते थे, आज 30 हो गए हैं। जब कमल नाथ थे तो प्रदेश अधोगति की तरफ जा रहा था। प्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद 71 हजार करोड़ था। आज यह 15 लाख करोड़ के आसपास पहुंच गया है। 18 साल में हमने मध्य प्रदेश बदला है तो वे दुखी होते हैं।

उन 900 वादों का क्या हुआ
उन्होंने कमल नाथ द्वारा किए जा रहे वादों पर पूछा कि उन 900 वादों का क्या हुआ, जो आपने किए थे। भाजपा सरकार की जनहितैषी योजनाओं को बंद करने के साथ किसान सम्मान निधि के लिए नाम दिल्ली क्यों नहीं भेजे? बैगा, भारिया और सहरिया बहनों का पोषण आहार भत्ता क्यों बंद कर दिया? कमल नाथ जी, जनता को जवाब तो देना पड़ेगा। आज पूरे प्रदेश में विकास का पर्व चल रहा है। सिंचाई, सड़क, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की परियोजना का भूमिपूजन और लोकार्पण हो रहा है।