Saturday, May 18"खबर जो असर करे"

MP: सागर में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की देश की सबसे बड़ी मूर्ति का अनावरण

भोपाल (Bhopal)। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सागर शहर के अटल पार्क में रविवार देर शाम पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी (Former Prime Minister Bharat Ratna Late. Atal Bihari Vajpayee) की सबसे बड़ी प्रतिमा का अनावरण (biggest statue unveiled) किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव (Gopal Bhargava) रहे, जबकि अध्यक्षता नगरीय विकास मंत्री भूपेन्द्र सिंह (Bhupendra Singh) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सांसद राजबहादुर सिंह, विधायकगण शैलेन्द्र जैन व प्रदीप लारिया, महापौर संगीता तिवारी, गौरव सिरोठिया, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार, शैलेष केशरवानी, कलेक्टर दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, नगर निगम आयुक्त चन्द्रशेखर शुक्ला, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, पत्रकारगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अजातशत्रु और राजनीति के संत थे स्व. अटल बिहारी वाजपेयी
लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी जी ऐसे महापुरुष थे, कोई विरोधी भी जिनकी आलोचना नहीं करता था। वे युग पुरुष थे। इतिहास पुरुष थे। सारे विशेषण उनके लिए कम पड़ जाते हैं। वाजपेयी जी ने गांव, गरीब और किसान के कल्याण के लिए अनेक कदम उठाये। अगली पीढ़ियां उनको जान सके.. उनके व्यक्तित्व, कृतित्व उनके साहित्य से प्रेरणा ले सके। इसके लिए उनकी मूर्ति की स्थापना की गई है। उनका व्यक्तित्व निराश व्यक्ति के लिए हौसला देता है। वे अजातशत्रु और राजनीति के संत थे। आज प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना ने गांव-गांव को सडकों से जोड़ दिया है। यह उन्हीं की देन है।

नगरीय विकास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज हम सबके जीवन का महत्वपूर्ण दिन और सौभाग्य की बात है कि महामानव स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी ने विकास यात्रा की शुरुआत की थी, उस यात्रा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्व. वाजपेयी का कई बार सागर आगमन हुआ था। अगर वे सागर के किसी व्यक्ति को नाम से जानते थे तो वे सुशील तिवारी है।

राजस्व मंत्री राजपूत ने कहा कि आज खुशी का दिन है कि महान व्यक्तित्व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण हो रहा है। वाजपेयी जी ऐसे व्यक्तित्व थे सभी राजनैतिक दलों के लोग जिनका सम्मान करते थे। वे प्रखर वक्ता थे। हर वर्ग और हर उम्र के व्यक्ति उनके भाषण सुनने के लिए आतुर रहते थे। किसी परिपूर्ण व्यक्ति की कल्पना करते है तो वे वाजपेयी थे।

सांसद राजबहादुर सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की कार्य करने की अद्भुत शैली थी। यह खुशी की बात है कि आज उनकी प्रतिमा स्थापित हो रही है। स्व. वाजपेयी की यह देश में सबसे बड़ी मूर्ति है। यह स्थान एक तीर्थ के रूप में जाना जाएगा।

विधायक शैलेन्द्र जैन ने बताया कि अटल पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी की प्रतिमा की स्थापना के लिए नगरीय विकास मंत्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। जिससे प्रतिमा का स्थापना हो सकी। स्व. वाजपेयी राजनीति के अजातशत्रु थे, जो सभी को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

डॉ सुशील तिवारी ने बताया कि उन्हें स्व. वाजपेयी के साथ कार्य करने का सौभाग्य मिला। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी के नीति निर्णयों के कारण आज भारत दुनिया के अग्रणी देशों में गिना जाता है। हम सब उनसे प्रेरणा लेते हैं।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि अटल पार्क सागर में अनावृत पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वाजपेयी की प्रतिमा देश में स्व. वाजपेयी की स्थापित की गई सबसे बड़ी प्रतिमा है। अष्टधातु से बनी यह प्रतिमा 30 फीट ऊंची और इसका वजन सात टन है।