Friday, May 17"खबर जो असर करे"

मंदसौरः चंबल नदी में डूबी पांच महिलाएं, तीन के शव बरामद, दो की तलाश जारी

– एक बालिका और एक पुरुष को बचाया गया, मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताया

मंदसौर। मंदसौर जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर शामगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार शाम गांव को खेत में मजदूरी कर लौट रही पांच महिलाएं, एक बालिका और एक पुरुष चंबल नदी में डूब गए। इनमें एक बालिका और एक पुरुष को बचा लिया गया है, जबकि तीन महिलाओं के शव बरामद कर लिए हैं। दो महिलाएं लापता हैं। उनको ढूंढने के लिए गोताखोर एवं ग्रामीण जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

घटना जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र के तोलखेड़ी गांव की है। रानू गायरी, भेरूलाल, मधु धनगर, धापूबाई धनगर, राधा धनगर, प्रेमबाई धनगर और रसाल बाई टापू पर बने खेत में काम करने गए थे। वहां से घर आने के लिए एक-दूसरे का हाथ पकड़कर रपटा पार पर रहे थे लेकिन बीच में रास्ता भटककर गहरे पानी में पैर चले गए। सूचना पर पहुंची गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने रानू और भेरूलाल को तो बचा लिया, लेकिन बाकी पांच लोग डूब गए। गोताखोरों ने देर रात तक रेस्क्यू चलाकर तीन महिलाओं के शव बरामद कर लिए। वहीं, दो महिलाओं की तलाश जारी है।

चम्बल नदी में डूबने वाली महिलाओं के नाम 41 वर्षीय धापू बाई पत्नी गोपाल, 40 वर्षीय रसाल बाई पत्नी राधेश्याम, 18 वर्षीय राधा बाई पुत्री मांगीलाल, 19 वर्षीय मधु पत्नी कान्हा गायरी और 42 वर्षीय प्रेम बाई पत्नी बालू राम गाडरी निवासी ग्राम तोलाखेड़ी बताए गए हैं। मौके पर चंदवासा चौकी प्रभारी गौरव लाड गोताखोर टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद है।

शामगढ़ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति ने बताया कि तीन महिलाओं के शव बरामद कर लिए हैं और दो लापता महिलाओं की तलाश जारी है। रात होने से गोताखोरों को परेशानी आ रही है। दो का रेस्क्यू किया गया है। उन्हें शामगढ़ अस्पताल ले जाया गया है। घटनास्थल के लिए गरोठ एसडीएम रविंद्र परमार और एएसपी गरोठ महेंद्र ताणेकर घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्राम तोलाखेड़ी में गांधी सागर बांध के डूब क्षेत्र में 5 ग्रामीण महिलाओं के डूबने पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एसडीएसएफ की टीम घटना स्थल पर पहुंच गई है। मुख्यमंत्री चौहान ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजन को तत्काल आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजन को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

मंत्री डंग घटनास्थल के लिये रवाना
प्रदेश के पर्यावरण, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग ने मंदसौर जिले के सुवासरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तोलाखेड़ी में रविवार शाम को गांधी सागर बांध जलाशय के डूब क्षेत्र में सात लोगों के डूबने की खबर सुनते ही जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को तत्काल मौके पर गोताखोर भेजने एवं अन्य व्यवस्थाएँ करने के निर्देश दिये हैं। मंत्री डंग भी सूचना मिलते ही अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को निरस्त कर भोपाल से तोलाखेड़ी के लिये रवाना हो गये। मंत्री डंग ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात कर घटना की जानकारी दी। मुख्यमंत्री चौहान ने तत्काल एसडीआरएफ को निर्देश जारी किये।

उल्लेखनीय है कि रविवार शाम को 6 महिलाएँ और एक पुरुष गांधी सागर डेम के डूब क्षेत्र में खेत से काम करके लौट रहे थे। मार्ग पर पानी था और दोनों तरफ काफी गहराई थी। एक महिला का पैर फिसला, उसको बचाने के प्रयास में महिलाएँ और पुरुष भी पानी में डूब गये। इनमें से 28 वर्षीय पुरुष धनगर और 16 वर्षीय बालिका रानू तैरकर बाहर निकल आये। गोताखोरों द्वारा मशक्कत के बाद तीन महिलाओं के शव खोज लिए गए हैं। बाकी महिलाओं की खोज जारी है। (एजेंसी, हि.स.)