Thursday, May 16"खबर जो असर करे"

मध्यप्रदेश को एक हफ्ते में दूसरी सौगात, इंदौर का सिरपुर तालाब रामसर साइट घोषित

भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) को एक हफ्ते में दूसरी रामसर साइट की सौगात (Second Ramsar site gift in a week) मिली है। केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने बुधवार को इंदौर के सिरपुर तालाब (Indore’s Sirpur pond) को रामसर साइट घोषित (declared Ramsar site) किया है। इसके साथ ही प्रदेश में अब तीन रामसर साइट हो गई है। एक सप्ताह पहले ही शिवपुरी जिले की साख्य सागर झील को रामसर साइट का दर्जा मिला है, जबकि भोपाल की बड़ी झील पहले से ही रामसर साइट घोषित है।

पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग ने शिवपुरी के साख्य सागर तालाब के बाद इंदौर के सिरपुर तालाब को मध्यप्रदेश का तीसरा रामसर साइट का दर्जा मिलने पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में पर्यावरण-संरक्षण के लगातार किये जा रहे प्रयासों के लिये केन्द्र शासन से मिली एक सशक्त पहचान है। मंत्री डंग ने सिरपुर तालाब को रामसर साइट का दर्जा प्रदान करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री भूपेन्द्र यादव का आभार प्रकट किया।

केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने बुधवार को मध्यप्रदेश, ओडिशा, गोवा, तमिलनाडु और कर्नाटक के जल-स्थलों को रामसर साइट घोषित किया है। इनको मिलाकर देश में रामसर साइट की संख्या 64 हो गई है। विश्व में हो रहे जलवायु असंतुलन और परिवर्तन के दौर में रामसर साइट की भूमिका विश्व के पर्यावरण सुधार में अति महत्वपूर्ण है। (एजेंसी, हि.स.)