Saturday, May 18"खबर जो असर करे"

किसान अन्नदाता ही नहीं, भारत का भाग्य विधाता भी हैः राजनाथ सिंह

– किसान-कल्याण महाकुंभ में किसानों के खाते में 6 हजार 423 करोड़ रुपये अंतरित

भोपाल। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि किसान अन्नदाता ही नहीं, भारत का भाग्य विधाता भी है। किसान के बेटों ने सीमाओं की रक्षा की है। भारत को ताकतवर बनाने के लिए किसानों को ताकतवर बनाना होगा। चाहे स्वतंत्रता की लड़ाई हो, वर्ष 1857 का संग्राम हो, चम्पारण का सत्याग्रह हो या गुजरात के बारडोली का आंदोलन, किसानों ने अंग्रेजों की चूल्हें हिला दी थीं। आज मध्यप्रदेश में इस किसान-कल्याण महाकुंभ में किसानों की बड़ी संख्या में उपस्थिति हर्षित करने वाली है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में विकास और किसान, गरीब, बेटियों आदि सभी के लिये करिश्माई कार्य कर रहे हैं। वे जनता के लिये तहे दिल से कार्य कर रहे हैं। जनता उन्हें कितना अधिक प्यार करती है, यह आज मैं देख रहा हूँ।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को राजगढ़ जिले में किसान-कल्याण महाकुंभ को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री सिंह और मुख्यमंत्री चौहान ने सिंगल क्लिक से मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना-2023 में 11 लाख किसानों के खाते में 2 हजार 123 करोड़ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 44 लाख 49 हजार किसान के खाते में 2 हजार 900 करोड़, मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना में 70 लाख 61 हजार किसान के खाते में एक हजार 400 करोड़, इस प्रकार 6 हजार 423 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। कार्यक्रम में किसानों के साथ ही बड़ी संख्या में बहनें एवं बेटियाँ एकत्र हुईं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अब कमजोर देश नहीं है। किसी भी देश की हिम्मत नहीं कि आँख उठाकर हमारी ओर देखे। भारत के लोगों का विश्वास वसुधैव कुटुम्बकम में है। विश्व की धरा पर रहने वाले सभी लोगों को हम अपना मानते हैं। भारत किसी भी देश पर आक्रमण नहीं करता, यह हमारा चरित्र है। हम किसी को नहीं छेड़ेंगे, लेकिन कोई हमें छेड़ेगा, तो हम भी छोड़ेंगे नहीं। भारत इस पार नहीं, उस पार जाकर भी आतंकवादियों और हमलावरों को सबक सिखा सकता है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक के फैसले से जग-जाहिर हो चुका है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को सेना में महत्व दिया जा रहा है। अब वे बड़ी संख्या में न सिर्फ सेना में आ रही हैं, बल्कि नेतृत्व के लिए भी तैयार हुई हैं। प्रमुख नौसेना युद्धपोत की प्रमुख भी महिला है। नए भारत के निर्माण में बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री मोदी ने बहनों की भागीदारी बढ़ाने का कार्य किया है।

मध्यप्रदेश में शिवराज कर रहे करिश्माई कार्य
रक्षा मंत्री ने कहा कि किसान-कल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में मुख्यमंत्री चौहान ने करिश्माई कार्य किया है। उन्हें स्मरण है कि जब वे कई वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री चौहान के निमंत्रण पर किसान सम्मेलन में मध्यप्रदेश आए थे, तब किसानों को 4 प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिलता था, जिसे उन्होंने शून्य प्रतिशत तक लाने का कार्य किया। उन्होंने किसानों के हित में एक नहीं अनेक कदम उठाए हैं। यह उनके संवेदनशील होने का प्रमाण है। प्रधानमंत्री मोदी की तरह मुख्यमंत्री चौहान भी जन-कल्याण के लिए करिश्माई नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। राजगढ़ की इस सभा में मौजूद विशाल जन-समुदाय भी इस बात का प्रमाण है कि मुख्यमंत्री चौहान ने जनता की काफी सेवा की है।

उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता, जीवनदाता और भाग्य-विधाता हैं। किसानों को मजबूत बनाए बिना हमारा देश विकास नहीं कर सकता। मध्यप्रदेश की सरकार ने किसान भाइयों और बहनों के लिए अतुलनीय कार्य किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भी विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।

केन्द्र सरकार ने गाँव, गरीब और किसानों की चिंता की है
रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने डिजिटल इंडिया के निर्माण के लिए अद्भुत कार्य किया है। देश में 29 लाख करोड़ रूपए के भुगतान सिर्फ मोबाइल से हो रहे हैं। डिजिटल क्रांति का ही यह उदाहरण है कि आज सब्जी की दुकान पर भी ई-पेमेंट हो रहा है। गत 9 वर्ष में गाँव, गरीब और किसान की चिंता की गई है। किसानों के लिए कोई सरकार कार्य करती है, तो उन पर कोई एहसान नहीं करती। कृषि कल्याण को प्राथमिकता दी गई है। हमारी कथनी और करनी में अंतर नहीं होना चाहिए। केन्द्र और राज्य सरकार ने जो कहा वह किया है। पूर्व सरकार और वर्तमान सरकार के कार्यों में जमीन-आसमान का अंतर है। यही बात मध्यप्रदेश के लिए भी कही जा सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जल-जीवन मिशन के तहत घर-घर तक जल पहुँचाने का संकल्प लिया गया है। मध्यप्रदेश ने इस क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करते हुए 60 लाख परिवारों तक टोटी से जल-प्रदाय करने का कार्य किया। देश में अनाज का उत्पादन बढ़ा है। भारत विश्व में जिन क्षेत्रों में छठवें से दसवें स्थान पर था, अब वह पहले और दूसरे स्थान पर आ रहा है। केन्द्र सरकार के बजट में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कृषि बजट भी बढ़ा है। शौचालयों के निर्माण का प्रश्न हो या सड़कों के निर्माण का, भारत निरंतर प्रगति कर रहा है।

कार्यक्रम में गोरखपुरा ग्रामीण नल-जल योजना और जल-जीवन मिशन के अंतर्गत संपन्न कार्यों का भी रक्षा मंत्री ने लोकार्पण किया। इस दौरान 156 ग्रामों से महिलाएँ कलश लेकर आई थीं। ग्रामीणों ने कालीपठ और करनवास में उपस्थित होकर नई प्रारंभ परियोजनाओं के अवसर पर हर्ष भी व्यक्त किया। कार्यक्रम में आवासीय भू-अधिकार-पत्रों के विक्रय के साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमि-पूजन भी हुआ। योजनाओं के हितग्राहियों को हित-लाभ वितरित किये गये। मुख्यमंत्री चौहान ने रक्षा मंत्री सिंह का परम्परागत पगड़ी पहना कर स्वागत किया। किसान-कल्याण महाकुंभ का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना की राशि 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये होगी : शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना में राज्य सरकार 4 हजार रुपये के स्थान पर अब 6 हजार रुपये की राशि प्रतिवर्ष किसानों को प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये प्राप्त होते हैं। इस प्रकार अब किसानों को मिलने वाली यह राशि 12 हजार रुपये वार्षिक हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। राज्य सरकार खाद-बीज के अग्रिम उठाव का तीन माह का ब्याज भी भरेगी। उन्होंने किसानों से कहा कि समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी शीघ्र ही शुरू होगी।

मुख्यमंत्री ने “कैसी हो मेरी बहनों” के आत्मीय संबोधन से अपना उद्बोधन शुरू किया। उन्होंने रक्षा मंत्री का विशेष अंदाज में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत को रक्षा क्षेत्र में महाशक्ति बनकर उभारने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। एक समय था जब छोटे-छोटे राष्ट्र भारत को आंख दिखाते थे, अब प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के नेतृत्व में भारत शक्तिशाली बना है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के केंद्र सरकार के सफल 9 वर्ष पूर्ण हुए हैं। आमजन भी आज उनका अभिनंदन कर रहे हैं।

ट्रैक्टर धारक परिवार को भी लाड़ली बहना योजना का लाभ मिलेगा
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना में अब ऐसे परिवार भी लाभान्वित होंगे, जहाँ ट्रैक्टर हैं। योजना के प्रावधानों में पूर्व में तय किया गया था कि चार पहिया वाहन जिस परिवार के पास है, उस परिवार की महिला सदस्य को योजना में पात्रता नहीं होगी। अब ट्रैक्टर रखने वाले परिवार को भी लाड़ली बहना योजना का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि किसान-कल्याण महाकुंभ में बड़ी संख्या में किसान बंधु आये हैं। आज किसानों के सिर से ब्याज की राशि की गठरी उतारने का कार्य रक्षा मंत्री के हाथों हुआ है। पूर्व सरकार ने यह गठरी किसानों के सिर पर लादी थी। प्रदेश में किसानों से मूंग की खरीदी की पहल भी की गई है। सिंचाई का रकबा बढ़ने से किसान की हालत बदली है। कभी साढ़े सात लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षमता वाला मध्यप्रदेश अब 45 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई क्षमता बढ़ा चुका है। इसे आगे 65 लाख तक ले जाने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि राजगढ़ जिले में भी पूर्व सरकार ने सिंचाई की कोई व्यवस्था नहीं की थी। यहाँ तक कि 10 वर्ष तक मुख्यमंत्री रहे जन-प्रतिनिधि भी यह व्यवस्था नहीं कर सके थे। विद्युत आपूर्ति नहीं होती थी। घंटों तक बिजली बंद रहती थी। अब मध्यप्रदेश विद्युत के निर्माण में आत्म-निर्भर बना है। पूर्व सरकार ने सिंचाई और सड़क व्यवस्थाएं भी नहीं की थीं। किसानों के साथ छल किया गया। उन्हें राहत देने के लिए उनकी सूची तक तैयार नहीं की गई। उन्होंने कहा कि सुखालिया परियोजना से प्रभावित किसानों का मुआवजा बढ़ाने का निर्णय भी लिया जाएगा। राजगढ़ और प्रदेश के किसी भी जिले के किसानों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।

बहनों को लखपति बनाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार में बहनों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के 1000 रुपये, वृद्धावस्था पेंशन के हितग्राहियों को भी प्रतिमाह बढ़ी हुई राशि के साथ किसान सम्मान निधि की बढ़ी हुई राशि मिलने से परिवार को मजबूत आर्थिक सहारा मिलेगा। मेरा बहनों को लखपति बनाने का संकल्प है। उन्हें गरीब नहीं रहने दिया जाएगा।लाड़ली बहना योजना में धनराशि की व्यवस्था करते हुए 1000 रुपए से क्रमश: बढ़ाते हुए 3000 रुपये तक प्रत्येक बहन को प्रदान किए जाएंगे। महिलाओं की जिंदगी और तकदीर बदलना प्रमुख उद्देश्य है। बहनों और बेटियों के सपने पूरे होंगे।

कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने वादे किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। हमारी पार्टी ने जो भी वादे किए, एक-एक को पूरा करने का काम किया। नेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने के कारण भारत की राजनीति में विश्वास का संकट पैदा हुआ है। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने इस संकट को चुनौती के रूप में स्वीकार किया है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा को पहले से अधिक सीटें मिलेंगी।

प्रियंका पर तंज, बोले- अब कुछ लोग मौसमी हिंदू बन गए
रक्षा मंत्री ने कहा कि हम समाज बनाने, देश बनाने के लिए राजनीति करते हैं। अब कुछ लोग मौसमी हिंदू बन गए हैं। नर्मदा जी की आरती करते हैं। पहले नर्मदा जी याद क्यों नहीं आईं? अब हनुमान जी का गदा लेकर मीटिंग कर रहे हैं। पहले राम और हनुमान का नाम लेकर लगता था कि इन पर पहाड़ टूट पड़ा है। आपको याद है हमने रामलला की भूमि पर मंदिर बनाने का संकल्प लिया, तब कांग्रेस की भूमिका क्या थी? हमने जो कहा था.. समय जरूर लगा है लेकिन अब राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया। 22 जनवरी को रामलला वहां पर स्थापित होंगे।