Saturday, May 18"खबर जो असर करे"

कर्मचारियों को वित्तीय कठिनाइयां नहीं होने दी जाएंगी: मुख्यमंत्री चौहान

– मुख्यमंत्री का केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने पर कर्मचारी संगठनों ने माना आभार

भोपाल (Bhopal)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि राज्य सरकार (state government) ने कर्मचारी हितैषी निर्णय (Employee friendly decision) लिए हैं। कर्मचारियों को वित्तीय कठिनाइयां नहीं होने दी जाएंगी। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता (dearness allowance) धीरे-धीरे बढ़ाकर केंद्र के समान 42 प्रतिशत कर दिया है। यह महंगाई भत्ता जनवरी से तीन किश्त में दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री चौहान शनिवार शाम को अपने निवास पर केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने के लिए आभार व्यक्त करने आए कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर अध्यक्ष राज्य कर्मचारी कल्याण समिति रमेश शर्मा, विभिन्न कर्मचारी संगठनों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

कर्मचारी मेरे लिए कर्मयोगी हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी मेरे लिए कर्मयोगी हैं। प्रदेश के विकास में कर्मचारियों का सहयोग आवश्यक है। मध्यप्रदेश के कर्मचारी देश में सर्वश्रेष्ठ कर्मचारियों की श्रेणी में आते हैं। प्रदेश की विकास यात्रा छोटी नहीं है। प्रदेश ने धीरे-धीरे हर क्षेत्र में विकास में नई ऊँचाइयों को छू लिया है। जनता का दुख-दर्द दूर करने के लिए राज्य सरकार द्वारा कई जन-कल्याणकारी योजनाएँ बनाई गई हैं।

विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश, देश के अन्य राज्यों की तुलना में विकास पथ पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश की जीएसडीपी 71 हजार करोड़ से बढ़कर 15 लाख करोड़ हो गई है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपये से बढ़कर एक लाख 40 हजार रुपये हो गई है। प्रदेश का बजट 21 हजार करोड़ से बढ़कर तीन लाख 14 हजार करोड़ हो गया है। कृषि के क्षेत्र में डेढ़ दशक से प्रदेश की विकास दर लगातार देश में अग्रणी बनी हुई है। प्रदेश की कृषि विकास दर 18 प्रतिशत से अधिक हो गई है। मुख्यमंत्री का कर्मचारी संगठनों ने पुष्पमाला और पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री को कर्मचारी संगठनों की ओर से ज्ञापन भी सौंपे गए।