Monday, May 20"खबर जो असर करे"

मप्र कांग्रेस में बड़ा बदलाव, कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी बने प्रदेश अध्यक्ष

– उमंग सिंघार नेता प्रतिपक्ष और हेमंत कटारे उप नेता प्रतिपक्ष नियुक्त

भोपाल (Bhopal)। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस में बड़ा बदलाव किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी को मध्यप्रदेश कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। विधायक उमंग सिंघार को मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और हेमंत कटारे को उप नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है।

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार देर शाम एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर तीनों नेताओं की नियुक्त का आदेश पोस्ट किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा जीतू पटवारी को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश अध्यक्ष, उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष और हेमंत कटारे को उप नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है। आपको नई जिम्मेदारी की बधाई एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

जीतू पटवारी को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी उन्हें बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जीतू पटवारी को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष, उमंग सिंघार को कांग्रेस विधायक दल का नेता और हेमंत कटारे को उपनेता मनोनीत किए जाने पर हार्दिक शुभकामनाएं।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। इस चुनाव में जहां भाजपा को 163 सीटें मिली, तो वहीं कांग्रेस को महज 66 सीटों से संतोष पड़ा। विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा ने साढ़े 16 साल से मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहे शिवराज सिंह चौहान के स्थान पर उज्जैन दक्षिण विधानसभा से विधायक डॉ. मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया है। भाजपा द्वारा किए गए इस परिवर्तन का असर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर भी देखने को मिला। नतीजतन कांग्रेस ने भी प्रदेश में बड़ा बदलाव कर दिया है।

जीतू पटवारी 2013 में पहली बार इंदौर जिले की राऊ सीट से विधायक चुने गए थे। वह फिलहाल कांग्रेस सचिव और गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हैं। वह मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। हालांकि, राऊ सीट पर इस बार भी कांग्रेस ने जीतू पटवारी को चुनाव में खड़ा किया था, लेकिन वह भाजपा के मधु वर्मा से हार गए। जीतू पटवारी राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं। वह कमलनाथ सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।