Saturday, May 18"खबर जो असर करे"

भोपालः करणी सेना का महाआंदोलन देर रात में भी जारी, भीड़ हुई कम

भोपाल। आर्थिक आधार पर आरक्षण समेत 21 सूत्रीय मांगों को लेकर भोपाल के जंबूरी मैदान पर रविवार सुबह शुरू हुआ करणी सेना का महाआंदोलन देर रात भी जारी है। दिनभर के प्रदर्शन के बाद रात होने पर भी आंदोलनकारी जम्बूरी मैदान में डटे हुए हैं। हालांकि, दोपहर के तुलना में रात होने के बाद भीड़ कम हो गई है। इधर करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर समेत पांच कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन दिल्ली के किसान आंदोलन की तरह होगा।

दरअसल, करणी सेना ने मांगें नहीं मानने पर विधानसभा का घेराव की चेतावनी दी थी, लेकिन बाद में प्रशासन के अधिकारियों ने उनसे बातचीत का समय मांगा, जिसके बाद फिलहाल प्रस्तावित विधानसभा घेराव टाल दिया गया है। विधानसभा घेराव की चेतावनी के बाद वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जीवन सिंह ने कहा कि भूख हड़ताल पर सिर्फ पांच लोग बैठ हैं। उन्होंने मंच से कहा कि जिसे जाना हो, वो खुशी से जा सकता है, लेकिन कहीं भी तोड़फोड़ और उद्दंडता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने किसी भी तरह की हिंसा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

जीवन सिंह ने कहा कि हमने मांगें पूरी करने के लिए शाम 4 बजे तक का समय दिया था। इस पर सरकार ने हमसे समय मांगा है। हमने उन्हें समय दिया है। इसके साथ ही हम अपना अनशन शुरू कर रहे हैं। हम यहीं बैठेंगे। तब तक मैदान नहीं छोड़ेंगे, जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी। करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर समेत पांच कार्यकर्ता रात में भी भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। यहां करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।

प्रदर्शन में मध्यप्रदेश के अलावा हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से भी करणी सेना के कार्यकर्ता पहुंचे हैं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता ‘माई के लाल’ और ‘जय भवानी’ के नारे लगाते नजर आए। प्रदर्शन के लिए शनिवार रात से ही लोग भोपाल के जंबूरी मैदान पर जुटना शुरू हो गए थे। सुबह होते होते पूरा मैदान करणी सेना के कार्यकर्ताओं से भर गया था, लेकिन शाम ढलने के बाद प्रदर्शनकारियों की भीड़ कम हो गई। (एजेंसी, हि.स.)