Monday, May 20"खबर जो असर करे"

मप्र के ऐश्वर्य प्रताप ने आईएसएसएफ विश्व कप में देश को दिलाया स्वर्ण पदक, मुख्यमंत्री ने दी बधाई

भोपाल, 16 जुलाई (एजेंसी)। मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने शनिवार को आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्व कप की 50 मीटर थ्री पोजिशंस स्पर्धा में देश को स्वर्ण पदक दिलाया। उन्होंने 2018 युवा ओलंपिक चैम्पियन हंगरी के जलान पेकलर को 16-12 से पछाड़कर पोडियम में शीर्ष स्थान हासिल किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐश्वर्य को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी है।

आईएसएसएफ निशानेबाजी विश्व कप में शुक्रवार को ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने क्वालीफायर राउंड में भी 593 अंक के स्कोर किया था और शीर्ष पर रहे थे। इसके बाद शनिवार सुबह 409.8 अंक के स्कोर के साथ उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हालांकि, फाइनल में पेक्लर ने उन्हें कड़ी चुनौती दी लेकिन ऐश्वर्य ने अपने खेल को नियंत्रण में रखा और बड़े शॉट्स लगाए।

मौजूदा प्रतियोगिता में यह भारत का चौथा स्वर्ण पदक है। भारत ने अब तक कुल नौ पदक (चार स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य) अर्जित किए हैं और अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज है। मप्र अकादमी के निशानेबाज 21 वर्षीय ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर का निशानेबाजी विश्व कप में यह दूसरा स्वर्ण पदक है। उन्होंने पहला पदक पिछले साल नई दिल्ली में जीता था।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी भोपाल के निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह को आईएसएसएफ शूटिंग 2022 विश्व कप (साउथ कोरिया) के 50 मीटर रायफल 3 पोजिशन इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि ऐश्वर्य ने अपने अद्भुत और अद्वितीय खेल से देश और मध्य प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है।