Friday, May 17"खबर जो असर करे"

भाजपा से केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, रघुराज, ऐंदल सिंह, कांग्रेस के पंकज, रविंद्र भड़ोसा ने दाखिल किया नामांकन

-कोई रैली के साथ, तो कोई परिजनों और समर्थकों के साथ पहुंचा नामांकन दाखिल करने, कलेक्ट्रेट परिसर में रही गहमागहमी
मुरैना। नामांकन दाखिली के सातवें दिन भाजपा के सीनियर नेता एवं कें द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आज अपने समर्थकों तथा बेटी के साथ पहुंचकर दिमनी विधानसभा सीट नामांकन दाखिल किया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी रविंद्र सिंह भडोसा ने भी अपने समर्थकों के साथ रिटर्निग अधिकारी के सामने पहुंचकर पर्चा दाखिल किया। मुरैना सीट से भाजपा प्रत्याशी रघुराजसिंह कंसाना, सुमावली से प्रत्याशी एंदलसिंह कंसाना जौरा सीट से कांगे्रस प्रत्याशी पंकज उपाध्याय ने भी अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि मैं और  मेरी पार्टी जातिवाद, भाषावाद में भरोसा नहीं करती। हम राष्ट्रवाद को लेकर  जनता के बीच जा रहे हैं। उम्मीद है कि जनता हमें भारी मतों से जिताएंगी। हम प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएंगे। कांग्रेस इस चुनाव में भी हारने जा रही है। दिमनी से कांग्रेस प्रत्याशी रविंद सिंह तोमर भडोसा ने कहा कि जनता  देख रहीं है कि कौन उनके सुख दुख में शामिल हुआ। मैं कर्मनिष्ठा, धर्मनिष्ठा से काम करने वाला इंसान हूं। जनता मुझे 50 हजार मतों से जिताने जा  रही है। रघुराज कंसाना ने अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा ने जितने विकास कार्य किए हैं कांग्रेस कल्पना नहीं कर सकती। जो कार्य अधूरे पड़े हैं उनकों भी मैं पूरा करने का प्रयास करूंगा। सुमावली सीट से भाजपा प्रत्याशी एंदलसिंह कंसाना ने कहा कि जनता कांगे्रस को ठिकाने लगाने का मन बना चुकी है। कांग्रेस हमेशा अपने लोगों का अपमान करती है। प्रत्याशी को बदलना किसी अपमान से कम नहीं है। जौरा से कांग्रेस प्रत्याशी पंकज उपाध्याय ने कहा कि हमें भ्रष्टाचार मुक्त जौरा बनानाहै। यदि भाजपा ने विकास किया जाता तो केंद्रीय मंत्री को मैदान में उतारने की जरूरत  नहीं पड़ती। दिमनी से बसपा प्रत्याशी बलवीर डंडोतिया ने भी  आज नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने कहा कि राजपूत  चाहे जितने खड़े हो जाए जनता बसपा को जिताने का मन बना चुकी है।